मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मैनपुरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्ष, कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि “माफिया के लिए बस एक ही जगह है और वह है मिट्टी।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव का नहीं, बल्कि “उत्सव प्रदेश” बन चुका है।
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान दंगे, अपराध और माफिया राज से होती थी, लेकिन आज कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को नौकरी पाने के लिए सिफारिश या पैरवी की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि उन्हें पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए अवसर मिल रहे हैं।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “पहले सरकार का पूरा फोकस मैनपुरी और इटावा तक सीमित था। विकास पूरे प्रदेश का नहीं, एक परिवार का होता था।” उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने क्षेत्रवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर पूरे उत्तर प्रदेश में समान विकास कराया है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि “समाजवादी पार्टी को केसरिया रंग से दुश्मनी है, जबकि यही रंग भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और त्याग का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बिना भेदभाव के विकास, सुशासन और सुरक्षा के एजेंडे पर काम कर रही है।


