लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में पुलिस ने कथित धर्मांतरण के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन और मानसिक दबाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी संतान प्राप्ति, गंभीर बीमारियों के ठीक होने और पारिवारिक समस्याओं के समाधान का लालच देकर लोगों को अपने संपर्क में लाते थे। इसके बाद उन्हें नियमित रूप से चर्च आने के लिए प्रेरित किया जाता और कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव बनाया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी डेनियल करीब 28 वर्ष पहले लखनऊ आया था। जांच में उसके नेटवर्क के कई राज्यों तक फैले होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब उसके संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


