गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर
कायमगंज, फर्रुखाबाद। कायमगंज कस्बे में गुरुवार सुबह स्कूल जा रही कक्षा तीन की छात्रा तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सधवाड़ा निवासी नागेंद्र की 9 वर्षीय पुत्री रेशमी रामसिंह इंटर कॉलेज में कक्षा तीन की छात्रा है। गुरुवार सुबह वह पैदल स्कूल जा रही थी। जैसे ही वह तहसील रोड स्थित जामा मस्जिद के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बालिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की। वहीं पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और बाइक चालक की पहचान करने में लगी हुई है।


