32.9 C
Lucknow
Thursday, July 23, 2026

सड़क पार करते समय ट्रक की टक्कर से दुकानदार की मौत

Must read

 

फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में परचून दुकानदार की मौत हो गई। सड़क पार करते समय अज्ञात ट्रक की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर उपचार मिलता तो उनकी जान बच सकती थी।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव तकीपुर निवासी 40 वर्षीय प्रदीप बिहार उर्फ नवाब गांव में परचून की दुकान चलाते थे। बुधवार शाम करीब सात बजे वह टॉयलेट जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

टक्कर लगने से प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन उनका आरोप है कि करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद घायल को निजी वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गुड्डी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पांच बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अब आजीविका का भी संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article