लखनऊ/बहराइच। उत्तर प्रदेश सरकार ने बहराइच जिले में सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 14 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने वर्चुअल माध्यम से इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम से जुड़े।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से खेतों तक समय पर पानी पहुंचेगा, सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।
कार्यक्रम में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के विभागाध्यक्ष संदीप कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इनसे जिले के अनेक गांवों और कृषि क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा तथा सिंचाई व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी होगी।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के संचालन से न केवल कृषि उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि जल संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों की लागत कम होगी और उन्हें समय पर सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने 14 परियोजनाओं का किया लोकार्पण


