लखनऊ। इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ के अंतर्गत रविवार को आशियाना क्षेत्र के चिन्हित स्थानों पर निःशुल्क पौष्टिक भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की प्रेरणा से संचालित इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में जरूरतमंद, असहाय, निराश्रित, दिहाड़ी श्रमिक, महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चों को सम्मानपूर्वक स्वच्छ, ताज़ा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के स्वयंसेवकों ने अनुशासन एवं सेवा-भाव के साथ भोजन वितरण की पूरी व्यवस्था संभाली। दीपक भुटियानी ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और लाभार्थियों की गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि सेवा कार्य पूरी संवेदनशीलता के साथ संपन्न हो सके।
संस्था के संस्थापक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि ‘बृज की रसोई’ केवल भोजन वितरण का अभियान नहीं, बल्कि समाज में करुणा, सहयोग और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने का एक सतत प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्यतिथि अथवा अन्य शुभ अवसरों पर जरूरतमंदों को भोजन कराकर इस सेवा अभियान से जुड़ें।
विकास पाण्डेय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल भूख मिटाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना है। वहीं संजय श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस जनसेवा अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सी.एच. तिवारी, जालिम सिंह, संजय श्रीवास्तव, दीपक भुटियानी, आशीष श्रीवास्तव, विकास पाण्डेय, अजय कुमार सिंह, विनोद मिश्रा, रोहित कुमार, मुकेश कनौजिया, अथर्व श्रीवास्तव, गोविन्द सिंह, मिष्ठी सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय योगदान दिया।
समापन पर आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी द्वारा प्रत्येक रविवार आशियाना क्षेत्र के चिन्हित स्थानों पर ‘बृज की रसोई’ के माध्यम से निःशुल्क पौष्टिक भोजन वितरण सेवा नियमित रूप से संचालित की जाती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता और सेवा का लाभ पहुँच सके।


