आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पिढौरा थाना क्षेत्र के बरपुरा गांव में एक युवक पर अपनी ही मां को कथित रूप से सब्जी में जहर मिलाकर खिलाने का आरोप लगा है। घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक अपनी पत्नी को मायके से लाने गया था। इस दौरान उसकी सास ने कथित रूप से उससे कहा कि वह पहले अपनी मां को रास्ते से हटाए, तभी बेटी को ससुराल भेजा जाएगा। आरोप है कि इसके बाद युवक ने घर लौटकर अपनी मां के खाने में सब्जी के साथ जहर मिला दिया।
जहर खाने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समय रहते उपचार मिलने से उनकी जान बच गई। घटना के बाद पीड़िता के पति ने पुलिस को तहरीर देकर अपने बेटे और उसकी सास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बेटे और उसकी सास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। भोजन के नमूने, चिकित्सीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


