35.2 C
Lucknow
Saturday, July 11, 2026

उन्नाव में जगद्गुरु शंकराचार्य ने सपा संभावित प्रत्याशी अभिनव कुमार को दिया ‘विजयी भव’ का आशीर्वाद

Must read

 

– सहजनी स्थित दीप्सा हॉस्पिटल में उमड़ा जनसैलाब
– गौ रक्षा पर जगद्गुरु का आह्वान
– अभिनव के नेतृत्व मे सैकड़ों युवाओं और श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत

उन्नाव। कानपुर नगर से सटे उन्नाव जनपद के सहजनी स्थित दीप्सा हॉस्पिटल परिसर शनिवार को धार्मिक आस्था, सामाजिक चेतना और राजनीतिक हलचल का केंद्र रहा। ज्योतिषपीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के आगमन पर सैकड़ों श्रद्धालुओं, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी से उन्नाव सदर विधानसभा सीट के संभावित सपा प्रत्याशी अभिनव कुमार के नेतृत्व में किया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच जगद्गुरु शंकराचार्य का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण और उत्साह का माहौल बना रहा।

अपने संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और ग्रामीण जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। गौ संरक्षण से कृषि, पर्यावरण, जैव विविधता और सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार और सेवा की भावना से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी से गौशालाओं के संरक्षण, निराश्रित गौवंश की सेवा और सनातन मूल्यों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

इस अवसर पर अभिनव कुमार ने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य का उन्नाव आगमन जनपद के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि संतों का मार्गदर्शन समाज को नई दिशा देता है और सेवा, सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों को मजबूत करता है। उन्होंने गौ सेवा और सामाजिक कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य ने अभिनव कुमार को “विजयी भव” का आशीर्वाद देते हुए जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। उनके इस आशीर्वाद को उपस्थित लोगों ने तालियों और जयघोष के साथ स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के हाईकमान ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उन्नाव सदर विधानसभा सीट से अभिनव कुमार को अपना संभावित प्रत्याशी घोषित किया है। क्षेत्र में उनकी सक्रिय जनसंपर्क अभियान, सामाजिक कार्यों और युवाओं के बीच बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, चिकित्सकों, धर्माचार्यों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंत में अभिनव कुमार ने सभी आगंतुकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

झूम उठा लोधी और पिछड़ा समाज

जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के उन्नाव आगमन ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया। सहजनी स्थित दीप्सा हॉस्पिटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोधी और पिछड़े समाज के लोगों ने भाग लिया और भव्य स्वागत के साथ अपनी आस्था एवं एकजुटता का परिचय दिया। गौ सेवा, गौ रक्षा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश सुनने के लिए उमड़ी भीड़ ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समाजवादी पार्टी के उन्नाव सदर विधानसभा प्रत्याशी अभिनव कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और क्षेत्रवासियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। जगद्गुरु शंकराचार्य द्वारा अभिनव कुमार को “विजयी भव” का आशीर्वाद दिए जाने पर उपस्थित लोगों ने जोरदार जयघोष किया और पूरा परिसर उत्साह से गूंज उठा।

पूर्व मंत्री दीपक कुमार के पुत्र और दादा मनोहर कुमार की संभाल रहे अनुभव राजनीतिक विरासत

उन्नाव की राजनीति में युवा चेहरा बनकर उभर रहे अनुभव कुमार अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। वह पूर्व मंत्री दीपक कुमार के पुत्र तथा वरिष्ठ राजनीतिक व्यक्तित्व मनोहर कुमार के पौत्र हैं। जनसंपर्क, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर उनकी सक्रियता लगातार बढ़ रही है।

क्षेत्र में अनुभव कुमार युवाओं, किसानों, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच नियमित संवाद स्थापित कर रहे हैं। पारिवारिक राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए वह जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बता रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आयोजित सामाजिक, धार्मिक और जनहित के कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article