शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद चार लोग पीड़ित के घर पहुंच गए और दंपती के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में कामिनी पत्नी अवधेश ने बताया कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर गांव के मोहसिन, मुसाईद, साजिद और नाजिद उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट में दोनों को चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना शमशाबाद पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सचिन चौधरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दंपती से मारपीट के आरोप में चार पर मुकदमा


