कौशाम्बी। जनपद के सैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के सामने सड़क किनारे खड़ी पिकअप का पंक्चर बदलते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक समेत चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान साबिर, अकबर (दोनों पुत्र शरीफ, निवासी वार्ड नंबर-10, सिराथू), अनवर (पुत्र मुमताज, निवासी मूरतगंज) तथा एहसान (पुत्र सपातुल्लाह, निवासी रसूलपुर, थाना कोखराज) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक पिकअप वाहन का पंक्चर ठीक कर रहे थे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


