लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारत माता के सच्चे सपूत थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत माता के सपूत थे। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वे आजादी के आंदोलन से प्रमुखता से जुड़े रहे और देश की अखंडता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहे। कश्मीर में धारा 370 के वे प्रबल विरोधी थे। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण अद्वितीय था।”
सीएम योगी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार और राष्ट्रवाद की भावना आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक था। देश की अखंडता और संप्रभुता के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री ने उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।


