फर्रुखाबाद। जनपद में बहोरना से अहमदपुर देवरिया संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ थाना जहानगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक घनश्याम को सौंपी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से बहोरना से अहमदपुर देवरिया संपर्क मार्ग का नव निर्माण कराया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लगभग 800 मीटर लंबाई में किए गए मिट्टी तटबंध के कार्य को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। जांच में आरोप लगाया गया कि बहोरना निवासी राहुल पुत्र दुर्विजय सिंह तथा अहमदपुर देवरिया निवासी प्रधान किशोर पुत्र रामस्वरूप ने निर्माणाधीन तटबंध को नुकसान पहुंचाया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि विभाग की टीम द्वारा मार्ग का चिन्हांकन किए जाने के बावजूद आरोपियों ने ट्रैक्टर चलाकर कार्य को प्रभावित किया, जिससे निर्माण कार्य बाधित हुआ। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, फर्रुखाबाद की ओर से थाना जहानगंज में तहरीर दी गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक घनश्याम को सौंपी गई है।


