39.5 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच संपन्न हुई टीईटी परीक्षा

Must read

 

 

19 केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के तीसरे एवं अंतिम दिन शनिवार को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। परीक्षा की पारदर्शिता और नकलविहीन आयोजन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की बहुस्तरीय जांच की गई। आधार कार्ड से पहचान का मिलान, बायोमेट्रिक सत्यापन और मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। महिला अभ्यर्थियों को सुरक्षा मानकों के तहत कानों की बालियां, अंगूठियां एवं अन्य धातु के आभूषण उतारने के बाद ही प्रवेश की अनुमति मिली।

शनिवार को सुबह 7:15 बजे से परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई, जबकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सुबह 6:30 बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश प्रक्रिया सुबह 8:45 बजे तक चली। शहर के एनएकेपी डिग्री कॉलेज, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज सहित सभी 19 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल के साथ-साथ परीक्षा कर्मी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

जनपद के शहर और कमालगंज क्षेत्र में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 6,312 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा में फर्रुखाबाद के अलावा हरदोई, कानपुर, इटावा, औरैया, मैनपुरी सहित आसपास के कई जिलों से अभ्यर्थी शामिल होने पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

गौरतलब है कि जिले में टीईटी परीक्षा का आयोजन कुल पांच पालियों में किया गया। शनिवार को अंतिम पाली की परीक्षा समाप्त होने के साथ ही जिले में आयोजित सभी पालियों की परीक्षा सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article