लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विभिन्न मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था, चुनाव, संविधान, लोकतंत्र और किसानों के योगदान को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए।
उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “यही इनका जीरो टॉलरेंस है कि न्याय नहीं मिल सकता। भारतीय जनता पार्टी थाने चला रही है, हथेली गर्म पुलिस नर्म। इतना भ्रष्टाचार कभी उत्तर प्रदेश की जनता ने नहीं देखा होगा।”
भाजपा को लेकर उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन अब समाप्त हो रहा है। उन्होंने कहा, “इस बार भारतीय जनता पार्टी को न चंदा मिलने जा रहा, न दान, न चढ़ावा और न वोट मिलने जा रहा है।”
संविधान और प्रभु श्रीराम का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्री राम और दूसरा नाम संविधान। आस्था से खिलवाड़ किया है और अब लोकतंत्र से भी खिलवाड़ करने की तैयारी चल रही है।”
आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा, “जनता भी इंतजार कर रही है कि अपने वोट से इनको हटाएगी। जो लोग चुनाव नवम्बर में कराने चाहते थे, सितंबर में कर दें, हम लोग तैयार हैं।”
सिख समाज की सराहना करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा, “मैं बधाई देना चाहता हूं सिख समाज को जिनका बहादुरी का इतिहास है। इन्होंने भारत को कृषि के क्षेत्र में दुनिया में प्रतिष्ठा दिलवाई है।”
अखिलेश यादव के इन बयानों को आगामी चुनावों और प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा की ओर से इन टिप्पणियों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।


