पुंछ: जम्मू-कश्मीर के पुंछ (Poonch) जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने रविवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से आए एक घुसपैठिए को गिरफ्तार किया। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसकी भारत में घुसपैठ का उद्देश्य क्या था और क्या उसका किसी आतंकी नेटवर्क या स्थानीय संपर्क से संबंध है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 31 वर्षीय रईस खान के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का निवासी बताया जा रहा है। वह बालाकोट सेक्टर में LoC पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था, लेकिन सेना के जवानों ने उसे सीमा पार करते ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
पुंछ जिले में जून के दौरान घुसपैठ का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 26 जून को कृष्णा घाटी सेक्टर के गुलपुर इलाके से मोहम्मद सज्जाद नामक घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, 9 जून को पकड़े गए 14 वर्षीय जाविद अली को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद एक सप्ताह पश्चात पाकिस्तान को सौंप दिया गया था।
इसी बीच जम्मू के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के निकट नुंदपुर गांव के पास एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन कुछ समय तक भारतीय सीमा में मंडराता देखा गया। सूचना मिलते ही BSF, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि ड्रोन के जरिए हथियार या मादक पदार्थ गिराए गए होंगे, हालांकि तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पिछले महीने उरी सेक्टर में भी PoJK के मुजफ्फराबाद निवासी जीशान अहमद मीर को LoC पार करते हुए सेना ने गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वह उरी के तिलावाड़ी गांव में रहने वाली अपनी प्रेमिका इरम बानो से मिलने भारत आया था। खुफिया सूचना के आधार पर सेना की 12 ग्रेनेडियर्स ने दोनों को सिलिकोट क्षेत्र के पास हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।


