लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से लोगों को फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के 30 जून के आसपास प्रवेश करने की संभावना है। तब तक अधिकांश जिलों में तेज धूप, उमस और लू का प्रकोप बना रहेगा।
शनिवार देर रात राजधानी लखनऊ समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इससे तापमान में कोई उल्लेखनीय गिरावट नहीं आई और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए तराई, अवध और पूर्वांचल के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें 11 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी दिनभर भीषण गर्मी और तेज तपिश का असर रहने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बांदा, कानपुर और फतेहपुर में पारा 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रदेश के लखनऊ, हरदोई, कानपुर, बांदा, बहराइच, बलिया, सुल्तानपुर, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, झांसी, बिजनौर, मुरादाबाद, फतेहपुर और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में शनिवार को लू चली। जबकि लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर में तीव्र लू का असर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।


