अयोध्या। प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे विशेष अभियान के तहत अयोध्या में जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी केंद्रों में सुरक्षा मानकों, भवन स्वीकृति और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की जा रही है।
जांच के दौरान नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर अब तक 7 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार इन संस्थानों में फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक जिले में संचालित 100 से अधिक कोचिंग संस्थान जांच के दायरे में हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से केवल 36 संस्थानों के पास ही वैध फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) उपलब्ध है। इससे बड़ी संख्या में संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग और संबंधित एजेंसियों की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही हैं। जांच के दौरान भवनों में आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा और छात्रों की क्षमता के अनुरूप व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन संस्थानों में खामियां पाई जाएंगी, उनके खिलाफ सीलिंग, नोटिस और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अलीगंज अग्निकांड के बाद शुरू हुए इस अभियान से कोचिंग संचालकों में हड़कंप है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा और सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा।


