नई दिल्ली: दिल्ली (Delhi) के दयालपुर इलाके में हुए चर्चित राशिद हत्याकांड (Rashid murder case) में फरार चल रहे मुख्य आरोपी हारून सैफी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भागीरथी विहार निवासी 24 वर्षीय हारून सैफी इस मामले में लंबे समय से वांटेड था। उसकी गिरफ्तारी स्पेशल स्टाफ की एक विशेष कार्रवाई के दौरान सिग्नेचर ब्रिज और खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के बीच स्थित क्षेत्र से हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद स्पेशल स्टाफ टीम ने खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के आसपास घेराबंदी की। जैसे ही हारून वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया। हालांकि, उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय मौके से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक गोली हारून के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है। इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हारून सैफी राशिद हत्याकांड का तीसरा और सबसे अहम आरोपी है। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि हारून लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 15 जून को दयालपुर थाना क्षेत्र में पानी के प्लांट का संचालन करने वाले राशिद की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद दयालपुर थाने में FIR संख्या 293/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
हारून की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।


