कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार को उस समय बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक बागी गुट ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई का ऐलान कर दिया।
न्यू टाउन में आयोजित एक बैठक में बागी गुट ने ममता बनर्जी को पार्टी के चेयरमैन पद से निलंबित करने का दावा किया। इसके साथ ही हावड़ा सेंट्रल से विधायक अरूप रॉय को नया चेयरमैन नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई।
बैठक में अभिषेक बनर्जी को भी ऑल इंडिया जनरल सेक्रेटरी के पद से निलंबित करने का प्रस्ताव पारित किए जाने का दावा किया गया। बागी नेताओं का कहना है कि पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है।
हालांकि, टीएमसी के आधिकारिक नेतृत्व की ओर से इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यह विवाद और गहराता है तो आगामी चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।


