लखनऊ। कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री आग की घटना और सुरक्षा व्यवस्थाओं में संभावित लापरवाही को लेकर बेहद नाराज हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री के सख्त तेवरों के बाद फायर विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में संचालित कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक भवनों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद फायर विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार बैठकों और निरीक्षणों में जुटे हुए हैं। वहीं, हादसे के कारणों की जांच भी तेज कर दी गई है। सरकार की प्राथमिकता राहत, बचाव और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है।


