गुरसहायगंज/कन्नौज। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सराय प्रयाग चौकी क्षेत्र के ग्राम नवादा निवासी विक्रम सिंह पुत्र मोतीलाल वर्मा ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 21 जून की शाम करीब तीन बजे महर्षि निशंक इंटर कॉलेज नवादा के पास गांव के ही शेरू उर्फ शेरूआ तथा उसके तीन अज्ञात साथियों ने उसके पुत्र को घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। हमले से बचने के लिए युवक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग गया। घटना के बाद घायल युवक ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।महिला को मारपीट कर घर से निकालने का आरोप, ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
गुरसहायगंज/कन्नौज। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, अभद्रता और घर से निकालने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दिहुली गांव निवासी शिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 जून की रात करीब आठ बजे उसके ससुर, सास और देवर ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि इस दौरान घर का दरवाजा भी तोड़ दिया गया।
महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे घर से निकालने की धमकी दी और जान से मारने की बात कही। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सिर पर डंडे से वार किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


