39.8 C
Lucknow
Monday, June 22, 2026

राष्ट्रीय ध्वज की सुरक्षा को लेकर पुलिस का मॉक ड्रिल, दंगा नियंत्रण की तैयारियां परखी गईं

Must read

मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद । स्वतंत्रता दिवस और अन्य राष्ट्रीय आयोजनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। मोहम्मदाबाद, जहानगंज और नवाबगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा के नेतृत्व में जवाहर नवोदय विद्यालय के मैदान में दंगा नियंत्रण अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल के दौरान एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें कुछ उपद्रवी तत्व राष्ट्रीय ध्वज को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते दिखाई गए। इस सूचना पर सबसे पहले एलआईयू टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ की गतिविधियों की जानकारी एकत्र की और अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

अभ्यास के दौरान लगभग 150 लोगों की भीड़ को उपद्रवी के रूप में दर्शाया गया। समझाने के बावजूद जब भीड़ नहीं मानी और पथराव शुरू कर दिया, तब पुलिस ने दंगा नियंत्रण की कार्रवाई का प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दंगा नियंत्रण टीम, फायर ब्रिगेड और अश्रु गैस दस्ता सक्रिय किया गया। अश्रु गैस के गोले छोड़े जाने के बाद भीड़ को तितर-बितर करने का अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल के अगले चरण में दोबारा पथराव की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसके बाद पुलिस की फायरिंग पार्टी ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई का प्रदर्शन किया। अभ्यास के तहत एक उपद्रवी के मृत और दो के घायल होने की स्थिति को दर्शाया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घायलों और मृतक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल रखने की कार्यवाही का भी अभ्यास किया।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद, जहानगंज और नवाबगंज सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल की तत्परता, समन्वय और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना है, ताकि किसी भी वास्तविक स्थिति में प्रभावी ढंग से कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज, सार्वजनिक संपत्ति और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस कर्मियों को विभिन्न परिस्थितियों में कार्रवाई की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे भविष्य में किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article