– पूरे राज्य मे होगी सख़्ती, जांचे जायेंगे मानक
अलीगढ़। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अलीगढ़ प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से एक अवैध रूप से संचालित कोचिंग सेंटर को नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासनिक जांच में संबंधित कोचिंग संस्थान पर कोचिंग अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं। अधिकारियों ने संस्थान संचालकों से निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
लखनऊ अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलों में संचालित कोचिंग संस्थानों की विधिवत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत भवन सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, पंजीकरण, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य मानकों की पड़ताल की जा रही है।
अलीगढ़ में जिला विद्यालय निरीक्षक की टीम ने कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


