लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर के 1991 बैच के पूर्व आईपीएस अधिकारी दावा शेरपा (Former IPS officer Dawa Sherpa) का सोमवार को जम्मू में निधन (passes away) हो गया। वह 64 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने अपने पुत्र मिन्गा शेरपा, जो वर्तमान में उधमपुर (जम्मू-कश्मीर) के डिप्टी कमिश्नर हैं, के पास रहते हुए अंतिम सांस ली।
मूल रूप से दार्जिलिंग के निवासी दावा शेरपा उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जनपदों में एसपी और एसएसपी रहे। वर्ष 2004 में वह मुज़फ्फरनगर के एसएसपी भी रहे थे। अपनी ईमानदार कार्यशैली, विनम्र व्यवहार और प्रभावी पुलिसिंग के लिए वह पुलिस विभाग में विशेष पहचान रखते थे। वर्ष 2022 में एडीजी पद से सेवानिवृत्त हुए दावा शेरपा के निधन की खबर से उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से दार्जिलिंग के रहने वाले 1991 बैच केआईपीएस अधिकारी दावा शेरपा का उत्तर प्रदेश पुलिस में एक बेहद लंबा और गौरवमयी सेवा इतिहास रहा है। वे यूपी के कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण जनपदों— आज़मगढ़, सोनभद्र, भदोही, सुल्तानपुर, सीतापुर, कुशीनगर और मुज़फ्फरनगर में 2004 में बतौर पुलिस कप्तान (SP/SSP) तैनात रहे।
इन सभी जनपदों में अपनी कप्तानी के दौरान उन्होंने कानून का राज स्थापित करने के साथ-साथ अपनी बेमिसाल विनम्रता से आम जनता के दिलों में खाकी के प्रति गहरा सम्मान पैदा किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस में लंबी और उत्कृष्ट सेवा देने के बाद वर्ष 2022 में वे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) के पद से सेवानिवृत्त (Retired) हुए थे। सेवानिवृत्ति के समय वे लखनऊ में एडीजी सीबीसीआईडी (ADG/CBCID) के अत्यंत महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थे।


