फर्रुखाबाद। विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट जमीन पर शुरू हो गई है 10 साल से सत्ता से बाहर समाजवादी पार्टी पूरी तरह से चुनावी कमर कर चुकी है। जहां सपा मुखिया एक तरफ प्रत्याशी चयन और जमीनी हकीकत खंगाल में जुटे हैं वहीं दूसरी तरफ पार्टी नेताओं का जिलों में दौरा और सियासी बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो चुका है।
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि आज पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने आवास विकास स्थित होटल हिंदुस्तान के सभागार में विश्वकर्मा समाज एवं समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों के साथ बैठक कर फर्रुखाबाद की सियासी जमीन की हकीकत को जानने की कोशिश की। कार्यक्रम के आयोजक जिला सचिव शिवशंकर शर्मा एवं संचालन ओमप्रकाश शर्मा ने किया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री वर्तमान सरकार पर काफी हमलावर दिखे उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस सरकार में जातिवाद और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। पूरे देश ने देखा है कि किस तरह से गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ अन्याय हुआ और सत्ता संरक्षण में पल रहे गुण्डों ने उस बेटी से मिलने जा रहे प्रतिनिधि मण्डल पर हमला किया था। आज लोकतंत्र की गरिमा तार-तार हो चुकी है, सत्ता पक्ष अपने गुण्डों की गुंडई के बल पर न्याय मांग रहे लोगों का मुंह बंद कर देना चाहती है। आज किसान, व्यापारी, छात्र, नौजवान, महिलाएं सब इस सरकार की दिशाहीन और भ्रष्ट नीतियों से परेशान हैं, महंगाई आसमान छू रही है, हर मोर्चे पर ये सरकार विफल साबित हुई है। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता पूर्ण रूप से बदलाव का मन बना चुकी। जनता ऐसे धोखेबाज और जुमलेबाज लोगों को सत्ता से बाहर करेगी, और प्रचंड बहुमत के साथ माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में प्रदेश में पीडीए सरकार बनेगी।
पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा फर्रुखाबाद समाजवादियों की ऐतिहासिक धरती है कभी इस क्षेत्र का नेतृत्व डॉ0 राम मनोहर लोहिया जी ने किया था जिस तरह से 2012 में जनपद की चारों सीटों पर पार्टी को विजयश्री हासिल हुई थी, हमें उम्मीद है कि 2027 के चुनाव में भी वही नतीजे आएंगे चारों सीटों पर पार्टी के विधायक होंगे और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की पीडीए सरकार होगी।
इस दौरान पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, प्रदेश सचिव मंदीप यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम फारुकी, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, वरिष्ठ नेता डॉ0 जेपी वर्मा, भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव आदि ने विचार व्यक्त किए।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, युनिस अंसारी, महिला सभा की पूर्व महानगर अध्यक्ष बीना शर्मा, सदर विधानसभा प्रभारी पवन कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड विशाल राठौर, प्रशांत राठौर, महानगर महासचिव रजत क्रांतिकारी, चंद्रेश राजपूत, जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड अर्चित शर्मा, महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शिवम पटेल, मुकेश शर्मा आदि पदाधिकारी साथी मौजूद रहे।


