कायमगंज। बरझाला के निकट हुए दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मिनी लोडर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के परिजनों ने चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी नितेश शर्मा ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसका 27 वर्षीय भाई सौरभ शर्मा शनिवार शाम लगभग चार बजे कंपिल से दवा लेकर बाइक द्वारा घर लौट रहा था। आरोप है कि बरझाला के पास सड़क किनारे बाइक रोककर वह गमछे से अपना मुंह बांध रहा था। उसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से तेज गति से आ रहे एक मिनी लोडर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक के भाई का आरोप है कि मिनी लोडर चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था और वाहन में शराब भी लदी हुई थी, जिसके चलते उसने नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मिनी लोडर संख्या यूपी 70 एमटी 0848 के चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। युवक की असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में मिनी लोडर चालक पर मुकदमा दर्ज


