31 C
Lucknow
Tuesday, May 26, 2026

रामायण पाठ के दौरान दर्दनाक हादसा, मंदिर में घुसे बेकाबू डंपर से तीन श्रद्धालुओं की मौत

Must read

 

अमरोहा। जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने धार्मिक आयोजन की खुशियों को मातम में बदल दिया। देहात थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित गांव मिलक छावी और कोठी खिदमतपुर के बीच हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे रामायण पाठ के दौरान एक अनियंत्रित डंपर अचानक श्रद्धालुओं के बीच घुस गया। तेज रफ्तार डंपर श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ मंदिर की दीवार से जा टकराया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में परम सिंह निवासी धावड़ी, ओमपाल निवासी नारायणपुर और पांच वर्षीय आर्यवीर सिंह निवासी शहबाजपुर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं परविंद्र सिंह निवासी अलियाबाद थाना डिलारी जनपद मुरादाबाद, गुरुवचन, धर्म सिंह और ब्रजपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण रामायण पाठ में शामिल थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर सीधे मंदिर परिसर में घुस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

धार्मिक आयोजन के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article