लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पिछड़ों, दलितों और युवाओं के अधिकार छीनने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण व्यवस्था के साथ बड़ा खेल किया और पीडीए वर्ग के हक पर डाका डाला।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पिछड़े वर्गों को 27 फीसदी आरक्षण के बजाय केवल 3.80 फीसदी और एससी वर्ग को 21 फीसदी की जगह मात्र 16.2 फीसदी आरक्षण दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण खत्म करने की साजिश के तहत निजीकरण को बढ़ावा दे रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की आर्थिक नीतियों ने अमीरी और गरीबी की खाई को और चौड़ा कर दिया है। देश की संपत्ति कुछ बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हाथों में सिमटती जा रही है, जबकि किसान, गरीब और बेरोजगार बदहाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों की किस्मत गिरवी रखकर चंद पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा मतदाता सूची में हेराफेरी की साजिश कर सकती है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राजनीति को “गैंग” की तरह चला रही है और चारों तरफ लूट मची हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संयमित भाषा और व्यवहार अपनाने की नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाएगी, लेकिन इस बार जनता भाजपा की चाल में नहीं फंसेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ही सामाजिक न्याय, सम्मान और विकास की असली पक्षधर है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी के साथ है और वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा सरकार बनने जा रही है।


