जौनपुर: जौनपुर (Jaunpur) जिले के रायबरेली हाईवे (Rae Bareli Highway) पर मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बिंद बस्ती के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार सिविल इंजीनियर युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक हाल ही में चचेरे भाई की शादी में शामिल होने मुंबई से घर आया था और उसकी सगाई भी कुछ दिन पहले ही तय हुई थी।
जानकारी के अनुसार सुजानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भरहरा गांव निवासी नागेंद्र पटेल (32) पुत्र जगदीश पटेल मुंबई में रहकर सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बीते 14 मई को वह अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने घर आए थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह बाइक से अपने गांव से पवारा थाना क्षेत्र के ऊंचौरा स्थित ननिहाल जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जौनपुर रायबरेली हाईवे पर सतहरिया चौकी अंतर्गत मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बिंद बस्ती के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक काफी दूर जा गिरी और नागेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया जाता है कि नागेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाइयों का नाम महेंद्र पटेल और जितेंद्र पटेल है। संयोग यह रहा कि मुंबई लौटने से पहले हाल ही में उनकी सगाई भी तय हुई थी, लेकिन शादी की खुशियों के बीच अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
इस संबंध में मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे ने बताया कि रायबरेली हाईवे पर मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बिंद बस्ती के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार सिविल इंजीनियर युवक की मौत हो गई। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


