34 C
Lucknow
Friday, May 22, 2026

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को भाजपा नेता की दो टूक — “देश का युवा गंदी राजनीति का हिस्सा नहीं बनेगा”

Must read

 

विकास राजपूत ने “युवाओं को सतर्क रहने की दी सलाह” बोले किसी कीमत पर शेयर न करे अपनी व्यक्तिगत जानकारी”

फर्रुखाबाद। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ट्रेंड को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। भाजपा नेता विकास राजपूत ने इस ट्रेंड को देश और युवाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं को मजाक और नकारात्मक राजनीति का हिस्सा बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसे देश का युवा कभी स्वीकार नहीं करेगा।
विकास राजपूत ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर निशाना साधते हुए कहा,
“भारत का युवा कॉकरोच नहीं, शेर है शेर। यह केवल भारतीय युवाओं का अपमान नहीं, बल्कि देश के भविष्य के खिलाफ एक नकारात्मक मानसिकता को बढ़ावा देने का प्रयास है। देश के युवाओं को ऐसी सोच के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए, न कि मजाक और ट्रेंड के नाम पर खुद को उससे जोड़ना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले हर ट्रेंड को युवा शक्ति का प्रतीक नहीं माना जा सकता। कुछ लोग जानबूझकर युवाओं को भ्रमित कर राजनीतिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों का मजाक उड़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा,
“हमारे देश का युवा ऊर्जा, साहस और नेतृत्व का प्रतीक है। भारत का युवा शेर है और शेर कभी भी कॉकरोच जैसी गंदी मानसिकता का हिस्सा नहीं बन सकता। युवाओं को सकारात्मक बदलाव, राष्ट्र निर्माण और विकास की राजनीति के साथ खड़ा होना चाहिए।”
विकास राजपूत ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाला देश है और यही युवा आने वाले समय में देश को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाएगा। ऐसे में युवाओं को व्यंग्य, नकारात्मकता और सोशल मीडिया के भ्रामक ट्रेंड्स में उलझाने की कोशिश राष्ट्रहित के खिलाफ है।
उन्होंने विपक्षी दलों पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने के बजाय कुछ लोग सोशल मीडिया पर अराजक और हास्यास्पद ट्रेंड्स को बढ़ावा देकर युवाओं की सोच को भटकाना चाहते हैं।
“अगर देश के युवाओं को सही दिशा, रोजगार, शिक्षा और अवसरों की बात होती, तो इस तरह के ट्रेंड पैदा ही नहीं होते। लेकिन कुछ लोगों ने राजनीति को केवल मीम्स और मजाक तक सीमित कर दिया है, जो लोकतंत्र और युवा शक्ति दोनों का अपमान है।”
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे देश निर्माण, विकास, स्टार्टअप, शिक्षा, तकनीक और राष्ट्र सेवा जैसे सकारात्मक अभियानों से जुड़ें और भारत को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सोशल मीडिया पर उभर रहे ऐसे ट्रेंड अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि वे राजनीतिक विमर्श को भी प्रभावित कर रहे हैं। हालांकि, विकास राजपूत जैसे नेताओं का मानना है कि देश का युवा अब नकारात्मकता नहीं बल्कि विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति के साथ आगे बढ़ना चाहता है।
इस बीच भाजपा नेता विकास राजपूत ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर एआई (AI) आधारित और संदिग्ध तरीके से चलाए जा रहे ऐसे ट्रेंड्स पर तत्काल सख्त निगरानी और कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन प्लेटफॉर्म्स और ट्रेंड्स के माध्यम से युवाओं का डेटा किस प्रकार एकत्र किया जा रहा है, इसकी भी गंभीर जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा,
“सरकार को सोशल मीडिया पर चल रहे AI संचालित ऐसे भ्रामक और संदिग्ध ट्रेंड्स पर तत्काल प्रतिबंध लगाने एवं उनकी गहन जांच कराने की आवश्यकता है। देश के युवाओं का डेटा सुरक्षित रहना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी गैर-कानूनी नेटवर्क या एजेंसी युवाओं की भावनाओं और जानकारी का दुरुपयोग न कर सके।”
विकास राजपूत ने इंटेलिजेंस एजेंसियों से भी मामले में जांच की मांग करते हुए कहा,
“इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट को ऐसे ट्रेंड्स के पीछे काम कर रहे नेटवर्क, फंडिंग और डिजिटल गतिविधियों की जांच करनी चाहिए। AI के इस दौर में यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती गई, तो देश के युवाओं को भविष्य में बड़ी हानि उठानी पड़ सकती है।”
उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर किसी भी ट्रेंड या अभियान से जुड़ने से पहले उसकी सत्यता और उद्देश्य को समझने की अपील भी की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article