37 C
Lucknow
Thursday, May 21, 2026

ट्रांसफार्मर जलने से दो मोहल्लों में अंधेरा, भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा

Must read

 

शमशाबाद/फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। शमशाबाद चौराहा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास लगा 250 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर देर रात अचानक धू-धू कर जल गया, जिससे आसपास के दो मोहल्लों में अंधेरे का साम्राज्य छा गया। इस घटना से लगभग ढाई सौ उपभोक्ता पूरी रात बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीती रात अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते वह भरभराकर जल उठा। उस समय मार्ग से गुजर रहे लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत विद्युत केंद्र शमशाबाद को सूचना दी, जिसके बाद आपूर्ति बंद कर दी गई।

ट्रांसफार्मर फुंकने का असर मोहल्ला ब्लॉक रोड और मीना दरवाजा सहित आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां करीब 250 घरों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में पूरी रात लोग गर्मी और मच्छरों से जूझते रहे। हालत यह रही कि कूलर और पंखे जैसे उपकरण शोपीस बनकर रह गए।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समय तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है और दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है। घरों में पानी की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे लोग इंडिया मार्का हैंडपंपों पर निर्भर नजर आए।

सुबह होते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया, लेकिन शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी स्थिति को लेकर गंभीर नहीं हैं और संपर्क करने पर भी जवाब नहीं मिल रहा।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई जाए और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। फिलहाल विभागीय कर्मचारी व्यवस्था बहाल करने में जुटे हुए हैं, लेकिन भीषण गर्मी में लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article