फर्रुखाबाद (शमशाबाद)। थाना क्षेत्र में चोरी की एक मार्मिक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर एक विकलांग व्यक्ति की जेब से 60 हजार रुपये की नगदी पार कर दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गंगा कटरी क्षेत्र के ग्राम समोचीपुर चितार निवासी फजीरन पत्नी काले खां ने शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका मकान गंगा किनारे स्थित था, जो हाल ही में आई बाढ़ में कटकर बह गया था। इसके बाद उन्हें सरकार की ओर से 1,20,000 रुपये का मुआवजा मिला था, जिसमें से 60,000 रुपये खर्च हो चुके थे, जबकि शेष 60,000 रुपये उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से अपने विकलांग पति की जेब में रख दिए थे।
पीड़िता के अनुसार, 18 और 19 मई की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए और मौका पाकर विकलांग पति की जेब में रखी पूरी नगदी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह पैसे देखने पर जेब खाली मिली। यह देखकर विकलांग पति घबरा गया और उसने तुरंत अपनी पत्नी को इसकी सूचना दी।
बताया गया कि पीड़िता का पति दोनों पैरों से विकलांग है और चलने-फिरने में असमर्थ है, जिससे परिवार पहले ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। ऐसे में चोरी की इस घटना ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
पीड़ित महिला ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है।
विकलांग की जेब से 60 हजार की चोरी, गंगा कटरी क्षेत्र में वारदात से दहशत


