सांगली: महाराष्ट्र (Maharashtra) के सांगली (Sangli) में तेज बारिश और आंधी से बड़ा हादसा हो गया है जिसमें कई लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। यहां तेज बारिश की वजह से दशकों पुराने मंदिर की दीवार गिरने से कई लोगों की मौत हो चुकी है।
इस हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या 6 बताई जा रही है। वहीं 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब इलाके में लगातार तेज बारिश और आंधी का दौर जारी था। अचानक मंदिर की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।
पुलिस के मुताबिक यह घटना पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली ज़िले की जठ तहसील के मोटेवाड़ी गांव में स्थित मार्गूदेवी मंदिर में हुई। मंदिर परिसर की दीवार के साथ ही टिन की चादरें भी गिर गईं। पुलिस ने बताया कि आमतौर पर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मंदिर में आते हैं।
सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी ने कहा कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त मंदिर परिसर में लगभग 350 श्रद्धालु मौजूद थे। शाम को अचानक तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश होने लगी, जिससे श्रद्धालुओं ने एक दीवार के सहारे और टिन की चादरों के नीचे शरण ली। अचानक दीवार और टिन की चादरें गिर गईं, जिससे श्रद्धालु उनके नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि इस हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 से 14 अन्य घायल हो गए।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने के काम में जुटी रहीं। अधिकारियों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।


