फर्रुखाबाद। रविवार को शहर के मोहल्ला साहबगंज चौराहे पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लगभग आधा सैकड़ा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की नगर कार्यकारिणी की घोषणा की गई तथा देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए हिंदू समाज को संगठित, सुरक्षित और शिक्षित रहने का संदेश दिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय बजरंग दल की नगर कार्यकारिणी घोषित करते हुए सचिन दुबे उर्फ भारत को नगर अध्यक्ष तथा दिलीप कुमार वाल्मीकि को नगर महामंत्री का दायित्व सौंपा गया। वहीं गोविंद कश्यप और मयूर मिश्रा को नगर उपाध्यक्ष बनाया गया। दर्शन ठाकुर, सुमित शुक्ला एवं सचिन वाजपेई को नगर मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा कुलदीप कुमार गुप्ता को राष्ट्रीय व्यापारी परिषद का नगर अध्यक्ष, रोहित पांडे को नगर मंत्री तथा अजीत चौरसिया को राष्ट्रीय व्यापारी परिषद का जिला उपाध्यक्ष घोषित किया गया। नव नियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और संगठन के प्रति निष्ठा से कार्य करने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अंगद पाण्डेय उर्फ कोमल ने कहा कि हिंदू समाज को सबसे पहले शिक्षा के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू समाज शिक्षित होगा तो वह सुरक्षा, संपन्नता और धर्म के विषयों में हमेशा अग्रसर रहेगा। उन्होंने धर्म के प्रति जागरूकता और संगठन की मजबूती पर भी जोर दिया।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला संयुक्त सचिव सतीश चंद्र दीक्षित ने कहा कि हिंदू समाज तभी मजबूत हो सकता है जब वह शिक्षित और सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन विभिन्न माध्यमों से हिंदू समाज को संगठित और जागरूक करने का कार्य कर रहा है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला कार्याध्यक्ष कार्तिक शुक्ल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन के नीति-नियमों का पालन करते हुए हिंदुत्व को मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
अंगद पाण्डेय ने बैठक के दौरान जिले में राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा किए गए कार्यों और उनके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा जल्द ही एक दिवसीय कार्यशाला (वर्ग) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से रजत वर्मा जिला उपाध्यक्ष राष्ट्रीय बजरंग दल, रोहित शर्मा, अजय मिश्रा, सूरज शर्मा, अनंत राम, कुलदीप, सुशील कुमार, नीरज कुमार, सुमित शुक्ला, सुदर्शन, गौतम दुबे, सत्यम वर्मा, गोलू राजपूत, आनंद राजपूत, गौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल की बैठक में नगर कार्यकारिणी घोषित


