29 C
Lucknow
Sunday, May 10, 2026

यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला अभियान, चार सवारी बैठाने वालों के काटे चालान

Must read

फर्रुखाबाद। नगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन के निर्देशन में रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने किया। इस दौरान नगर के विभिन्न तिराहों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस टीम ने वाहनों की सघन जांच की तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान सबसे अधिक ध्यान दोपहिया वाहनों पर दिया गया। कई बाइक सवारों को एक ही वाहन पर चार-चार लोगों को बैठाकर चलते पाया गया, जिनके खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी ने ऐसे वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी न केवल उनकी बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा ओवरलोडिंग से बचने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस कर्मियों ने लोगों को बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
इसी क्रम में नगर में तेज आवाज और पटाखा जैसी ध्वनि निकालने वाले मॉडिफाइड बाइकों के साइलेंसरों की भी जांच की गई। कई बाइक सवारों को रोककर उनके वाहनों की जांच की गई तथा नियम विरुद्ध पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसरों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आमजन को परेशानी होती है, इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और आगे भी समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article