फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया, जहां यमुना नदी में डूबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। यह घटना सोमवार को खखरेरू थाना क्षेत्र के चंदन मऊ गांव के पास हुई। मृतका की पहचान कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पुनवार गांव निवासी फूलचंद सोनकर की पुत्री अंजू देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अंजू अपनी मां के साथ ननिहाल में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद वह अपनी सहेलियों के साथ गांव के बाहर बह रही यमुना नदी में नहाने चली गई। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और तेज धारा में बहने लगी।
सहेलियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अंजू नदी की गहराई में समा चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर करीब दो घंटे तक नदी में तलाश की, जिसके बाद अंजू का शव पानी में तैरता हुआ मिला। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के पिता फूलचंद अन्य परिजनों के साथ फतेहपुर के लिए रवाना हो गए हैं।


