कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र से एक विवाहिता अपने दो मासूम बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना 29 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसके बाद से परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
भरसवों गांव निवासी शिवकन्या देवी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मंजू देवी की शादी 16 फरवरी 2020 को लौधना गांव निवासी लवकुश पुत्र गद्दी पाल के साथ की थी। शादी के दौरान उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, जिसमें एक स्प्लेंडर बाइक भी शामिल थी। मंजू देवी के दो छोटे बच्चे भी हैं।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। पति लवकुश, देवर विमलेश और लवलेश, सास रामसवारी और ससुर गद्दी पाल कथित रूप से मंजू को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। परिजनों के अनुसार, वे लगातार दो लाख रुपये और एक अपाचे बाइक की मांग कर रहे थे, और मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते थे।
मायके पक्ष का कहना है कि 29 अप्रैल को मंजू देवी और उनके दोनों बच्चे अचानक लापता हो गए। उन्हें आशंका है कि ससुराल पक्ष ने मारपीट कर तीनों को घर से भगा दिया या उनके साथ कोई अनहोनी हुई है। परिजनों ने कई दिनों तक अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस का सहारा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मंझनपुर थाना पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विवाहिता दो बच्चों संग लापता, दहेज उत्पीड़न का आरोप


