शमशाबाद (फर्रुखाबाद)।
गंगा नदी में डूबे 50 वर्षीय बुजुर्ग का शव आखिरकार 48 घंटे बाद गोताखोरों ने बरामद कर लिया। शव गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मऊ रसीदाबाद निवासी 50 वर्षीय जगतपाल की रिश्तेदारी शमशाबाद थाना क्षेत्र के गंगा कटरी इलाके के ग्राम फुला में है। शनिवार को वह अपने रिश्तेदार रामदीन और भतीजे विनीत के साथ गंगा कटरी क्षेत्र में तरबूज खाने गए थे।
बताया गया कि दोपहर के समय गंगा स्नान के दौरान अचानक जगतपाल का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज धारा में बहने लगे। यह दृश्य देखकर साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह नदी की गहराई में समा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन गंगा किनारे पहुंचकर उनकी सलामती की दुआएं करते रहे। सूचना पर थाना शमशाबाद के थानाध्यक्ष रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया, लेकिन पहले दिन सफलता नहीं मिल सकी।
रविवार को बरेली से आई एनडीआरएफ टीम ने भी गोताखोरों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार प्रयास के बाद सोमवार को गांव से करीब चार किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा शव दिखाई दिया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
शव की पहचान परिजनों ने मौके पर ही कर ली, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। उधर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
48 घंटे बाद गंगा में मिला लापता बुजुर्ग का शव, परिजनों में मचा कोहराम


