23 C
Lucknow
Thursday, April 30, 2026

दबंगों की गुंडई: विरोध करने पर युवक पर पेशाब करने की कोशिश, पथराव और मारपीट में तीन घायल

Must read

 

 

 

मैनपुरी। जनपद के कोतवाली क्षेत्र स्थित राधा रमन रोड पर बुधवार रात दबंगों की खुलेआम गुंडई का मामला सामने आया है, जहां एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने से रोकना भारी पड़ गया। बोलेरो सवार हमलावरों ने न सिर्फ युवक के साथ अभद्रता की, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, पथराव और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना में युवक के पिता समेत तीन लोग घायल हो गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव वीरमपुर निवासी अंकित कुमार शहर के राधा रमन रोड पर नमन कृष्णा पेट्रोल पंप के पास स्थित अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे थे। बुधवार शाम निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोग बोलेरो वाहन से वहां पहुंचे और खुलेआम सड़क किनारे पेशाब करने लगे। जब अंकित ने इसका विरोध किया और उन्हें मना किया, तो आरोपित भड़क उठे।

बताया गया कि आरोपितों ने पहले गाली-गलौज की और फिर युवक के ऊपर पेशाब करने की कोशिश की। जब अंकित ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने तमंचा लहराते हुए पथराव शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे अंकित के पिता और अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन दबंगों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और बेरहमी से मारपीट की।

हमले में अंकित, उसके पिता सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने गुरुवार को थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

यह घटना एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, जहां मामूली विवाद भी हिंसक रूप ले ले रहे हैं और दबंग तत्व खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article