अमृतपुर, फर्रुखाबाद
कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए तहसील अमृतपुर परिसर में सोमवार को दिनदहाड़े एक रिटायर्ड फौजी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। दबंग हमलावरों ने बेखौफ अंदाज में पूर्व सैनिक के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
घायल की पहचान सुखपाल सिंह पुत्र जगदेव सिंह (उम्र करीब 74 वर्ष), निवासी कस्बा अमृतपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह तहसील में अपने निजी कार्य से पहुंचे थे, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। इस दुस्साहसिक वारदात ने न सिर्फ तहसील परिसर बल्कि पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
सूचना मिलते ही थाना अमृतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया। मामले पर थाना अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि घायल रिटायर्ड फौजी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।
घटना के बाद तहसील परिसर में अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जिस तहसील परिसर को सुरक्षित माना जाता है, वहीं इस तरह की दुस्साहसिक वारदात कैसे हो गई।
पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। दिनदहाड़े तहसील परिसर में हुई इस खौफनाक वारदात ने साफ कर दिया है कि दबंगों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन के सामने कानून व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।


