फर्रुखाबाद। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आकांक्षा समिति ने मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज और ज्ञानफोर्ड इनोवेटिव स्कूल याकूतगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को “पृथ्वी बचाओ” का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में बच्चों ने पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता के जरिए पर्यावरण संकट पर अपनी मजबूत आवाज उठाई। जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, मृदा क्षरण और वृक्षारोपण जैसे गंभीर मुद्दों को बच्चों ने चित्रों और शब्दों में जीवंत कर दिया।
समिति की सह सचिव एवं पर्यावरण विशेषज्ञ गुंजा जैन ने कहा कि सिर्फ पेड़ लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने बच्चों से पृथ्वी की रक्षा के लिए संकल्प लेने की अपील की। कोषाध्यक्ष रश्मि सिंह ने प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग पर जोर दिया, जबकि डॉ. ज्योति गुप्ता ने स्वस्थ जीवन शैली और पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे से जुड़ा बताया। कार्यक्रम में साक्षी गुप्ता, श्रद्धा दुबे, प्रधानाचार्य डॉ. सुमन त्रिपाठी और शिक्षिका पूनम शुक्ला सहित कई लोग मौजूद रहे।


