29 C
Lucknow
Tuesday, April 21, 2026

हरपालपुर में सड़क हादसा, 19 वर्षीय युवक की मौत, दो दोस्त गंभीर घायल

Must read

 

हरदोई
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हरपालपुर-बड़ागांव मार्ग पर खड़गपुर तिराहे के पास हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, अरवल थाना क्षेत्र के गुरसहायपुरवा मजरा चाँदा महमदपुर गांव निवासी नितिन (19) अपने दोस्त प्रभात (21) और सचिन (20) के साथ बाइक से हरपालपुर जा रहे थे। तीनों एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे, जहां प्रभात के मामा रामबाबू के पुत्र सूरज का तिलक समारोह होना था।

इसी दौरान खड़गपुर तिराहे के पास सामने से आ रही एक बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

हालत नाजुक होने के चलते देर रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रभात और सचिन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतक नितिन अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर का था, और उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि हादसे की जानकारी संबंधित क्षेत्रीय थाना को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article