30 C
Lucknow
Monday, April 20, 2026

पुलिस से भिड़ंत पड़ी भारी, भाकियू प्रदेश अध्यक्ष समेत 100 पर मुकदमा—हाथापाई के बाद सख्त कार्रवाई

Must read

 

एटा

जनपद में पुलिस और भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी झड़प अब कानूनी कार्रवाई में बदल गई है। थाना जलेसर क्षेत्र में पुलिस ने भाकियू भानु के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह समेत करीब 100 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
घटना उस समय की है जब भाकियू भानु के प्रदेश अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ गढ़मुक्तेश्वर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में नगला सुखदेव के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन समर्थकों ने पुलिस के निर्देशों को अनदेखा कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में 34 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 65 अज्ञात आरोपितों की पहचान की जा रही है। क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि विरोध और प्रदर्शन के नाम पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article