फर्रुखाबाद। सरकार द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों एवं महिलाओं को पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही इन योजनाओं पर पानी फेरती नजर आ रही है।
ऐसा ही मामला विकासखंड बढ़पुर के नेकपुर खुर्द में सामने आया है, जहां आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहा। ग्रामीणों के अनुसार केंद्र अक्सर दोपहर बाद तक नहीं खुलता, जबकि कई बार पूरे दिन या लगातार कई दिनों तक बंद रहता है।
केंद्र के बंद रहने से वहां पंजीकृत बच्चों को न तो निर्धारित पोषाहार मिल पा रहा है और न ही प्रारंभिक शिक्षा का लाभ मिल रहा है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य व विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आंगनबाड़ी केंद्र को नियमित रूप से संचालित कराया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके और केंद्र सिर्फ कागजों तक सीमित न रह जाए।
दोपहर बाद तक नहीं खुलता आंगनबाड़ी केंद्र, आक्रोश व्याप्त


