हापुड़
जनपद में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। हाफिजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे-334 पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां बस का इंतजार कर रही महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह हादसा गांव मुर्शदपुर के पास यादव ढाबे के सामने हुआ, जहां कुछ महिलाएं डिवाइडर पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थीं। तभी अचानक तेज रफ्तार कार नियंत्रण खो बैठी और सीधे डिवाइडर पर चढ़ते हुए वहां मौजूद महिलाओं को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।
दुर्घटना में बृजनाथपुर निवासी सितारा (52 वर्ष) और सरोज शर्मा (60 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शारदा पत्नी लेखराम ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं रूबी पत्नी पवन और उनका छह वर्षीय पुत्र लविश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।


