26 C
Lucknow
Monday, April 13, 2026

निर्माणाधीन पानी की टंकी में मिला कंकाल, जांच में बंदर होने की आशंका से फैली सनसनी

Must read

 

औरैया

अयाना थाना क्षेत्र अंतर्गत महारतपुर गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन पानी की टंकी के अंदर कंकाल पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और तरह-तरह की आशंकाएं जताई जाने लगीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जितेंद्र जल निगम की ओर से बनाई जा रही पानी की टंकी पर ऑपरेटर के रूप में कार्य करता है। टंकी का निर्माण कार्य अभी अधूरा है, जिसके चलते ग्रामीणों को सीधे पानी की आपूर्ति की जा रही है। सोमवार दोपहर जब जितेंद्र पानी की सप्लाई के लिए टंकी पर पहुंचा, तभी वॉल्व में खराबी आने पर वह जांच करने के लिए ऊपर चढ़ा। इसी दौरान उसकी नजर टंकी के अंदर पड़े एक कंकाल पर पड़ी, जिसे देखकर वह घबरा गया और तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी।
देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। प्रारंभिक तौर पर लोगों ने आशंका जताई कि किसी युवक की टंकी में गिरकर मौत हो गई होगी और समय के साथ शव सड़कर कंकाल में तब्दील हो गया होगा। सूचना मिलते ही अयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में कंकाल मानव का न होकर बंदर का प्रतीत हो रहा है। हालांकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया गया है। कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेजा जा रहा है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।
घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कंकाल वास्तव में किसका है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article