28 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

वृद्ध की हत्या का खुलासा: दामाद ने संपत्ति के लालच में ईंट और कुल्हाड़ी से की थी हत्या

Must read

 

सुल्तानपुर पुलिस ने दो महीने पुराने वृद्ध रामतेज कोरी हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि संपत्ति के लालच में उनके ही दामाद मोतीलाल कोरी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह घटना 14 फरवरी को कुड़वार थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में सामने आई थी, जहां ई-रिक्शा चालक रामतेज कोरी का शव उनके घर के एक छप्परनुमा कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला था। सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने चहारदीवारी फांदकर घर के अंदर प्रवेश किया था।

घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी नगर सामंत सौरभ ने निरीक्षण किया था, जबकि फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे। मामले में मृतक की पहली पत्नी की बेटी बसंता ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि मृतक रामतेज की पहली पत्नी करमैता का निधन दो साल पहले हो चुका था। इसके बाद वह एक अन्य महिला भवानी देवी को घर लाए थे, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जाती है। इसी कारण वह अक्सर घर पर ताला लगाकर बाहर जाते थे।

पुलिस को घटनास्थल से खून से सनी ईंट, डंडा, कच्ची शराब का पाउच, एक कुल्हाड़ी और एक पायल भी बरामद हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और होंठ पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई, जिससे साफ हुआ कि ईंट और डंडे से हमला कर हत्या की गई थी।

पुलिस के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दामाद मोतीलाल ने संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article