सुल्तानपुर जिले के कृष्णानगर मोहल्ले में रविवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मृतका अपने पति से अलग होकर मायके में अपनी मां, भाई और बहन के साथ रह रही थी। घटना के बाद पड़ोसियों ने परिजनों पर ही हत्या का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती को घर में हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार सुबह वह सामान्य रूप से दूध लेने भी गई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली।
आरोप है कि परिजनों ने जल्दबाजी में शव को ढककर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम हथियानाला श्मशान घाट पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाल संदीप राय ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


