कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में हो सकता है हाई-वोल्टेज मैच
कोलंबो / नई दिल्ली। टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी और रोमांचक खबर सामने आई है। भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेले जाने की संभावना जताई जा रही है। अगर यह मैच तय होता है, तो क्रिकेट के दो चिर-प्रतिद्वंद्वी श्रीलंकाई जमीन पर आमने-सामने नजर आएंगे।
पाकिस्तानी मीडिया का दावा
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अंदरूनी स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इस संबंध में पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार जाहिद गिशकोरी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर जानकारी साझा की है।
जाहिद गिशकोरी ने लिखा कि—
“पाकिस्तान की टीम के 15 फरवरी को भारत के खिलाफ खेलने की संभावना है। यह जानकारी पाकिस्तान सरकार के दो शीर्ष अधिकारियों से मिली है। इसलिए इस बड़े मुकाबले को लेकर तैयार रहें।”उनके इस पोस्ट के बाद क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है और सोशल मीडिया पर भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, अभी तक ICC या आधिकारिक तौर पर दोनों क्रिकेट बोर्डों की ओर से इस मुकाबले की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल इसे संभावित शेड्यूल माना जा रहा है। लेकिन यदि यह मैच तय होता है, तो यह T20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा और चर्चित मुकाबला साबित हो सकता है।
दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी
भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले को दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले मैचों में गिना जाता है। करोड़ों दर्शक टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इस मुकाबले का इंतजार करते हैं। श्रीलंका जैसे तटस्थ देश में मैच होने से सुरक्षा और आयोजन को लेकर भी खास तैयारियां की जा सकती हैं।
क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
संभावित तारीख और स्थान सामने आने के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब सभी की निगाहें आधिकारिक शेड्यूल और पुष्टि पर टिकी हुई हैं।






