फर्रुखाबाद। जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला दाऊद गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक गोवंशों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही अखिल भारतीय गौरक्षा दल संघ की टीम मौके पर पहुंची और मृत गोवंशों को रेल ट्रैक से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया। गौरक्षा दल के पदाधिकारियों ने घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगाया।
अखिल भारतीय गौरक्षा दल संघ के प्रदेश महामंत्री शिवम ठाकुर ने खंड विकास अधिकारी (BDO) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब मृत गोवंशों के संबंध में उन्होंने उपजिलाधिकारी (SDM) को फोन कर जानकारी दी, तो BDO ने नाराजगी जाहिर करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार न केवल निंदनीय है बल्कि गोवंश संरक्षण को लेकर प्रशासन की संवेदनहीनता को भी दर्शाता है।
प्रदेश महामंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद भी संबंधित ग्राम प्रधान मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गोवंशों की देखरेख और सुरक्षा की व्यवस्था की गई होती, तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी।
ग्रामीणों और गौरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा रेलवे ट्रैक के आसपास निराश्रित गोवंशों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही क्षेत्र में गोशालाओं की व्यवस्था को मजबूत करने और रात्रि में निगरानी बढ़ाने की भी मांग की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here